लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार से शुरू हो गया। यूपी चुनाव से पहले शुरू हुआ यह सत्र 17 से 24 तक चलेगा। मौजूदा मानसून सत्र में योगी सरकार सदन में इस वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। सत्र शुरू होने से यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित किया।
सीएम योगी ने कहा, ‘कोरोना महामारी के बावजूद जनता से जुड़े हुए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने और लोकतंत्र के इस बड़े केंद्र, विधान मंडल की मानसून सत्र की कार्यवाही में भाग लेने वाले सभी सदस्यों का मैं हृदय से स्वागत करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार जनहित व प्रदेश के विकास से जुड़े हुए किसी भी मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस प्रकार की किसी भी सकारात्मक पहल का हम स्वागत करते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि सभी लोग मिलकर विधान मंडल की इस कार्यवाही को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने व सकुशल संपन्न करने में अपना योगदान देंगे।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि विधान मंडल में भाग ले रहे सभी सदस्यगण अपने अनुभव व सकारात्मक ऊर्जा का लाभ प्रदेश की 24 करोड़ जनता को उपलब्ध कराएंगे। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विधान मंडल देश का सबसे बड़ा विधान मंडल है। यहां से हम जो भी कार्य करते हैं, पूरे देश में उसका संदेश जाता है। जनहित एवं प्रदेश के विकास से जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।