बाराबंकी: लखनऊ-बहराइच हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसौली थाना क्षेत्र के बिरौली के पास तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
रास्ता पूछने के बाद कार मोड़ रहे थे, तभी हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। ऑल्टो में सवार लोग सड़क किनारे रुककर किसी से रास्ते की जानकारी ले रहे थे। इसके बाद वे कार को बहराइच की दिशा में मोड़ने लगे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से तेज गति से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग कार के अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल मृतकों और घायल बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन, हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुटी रही।घटना की जानकारी मिलने पर एआरटीओ अमिताभ राय भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने डंपर चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।