मुंबई। लम्बे समय से चल रहे विचार-विमर्श के बाद अब ज़ी एंटरटेनमेंट नेटवर्क और सोनी इंडिया नेटवर्क के बीच विलय के लिए डील हो गई है। इस डील की मंज़ूरी ज़ी के एंटरटेनमेंट बोर्ड ने दी है। डील के मुताबिक सोनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क विलय कंपनी में 1.575 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगी। मर्जर के बाद कंपनी के सीईओ और एमडी पुनीत गोयनका ही रहेंगे।
डील को मंज़ूरी देते हुए ज़ी ने बताया कि ‘हमने ना केवल वित्तीय मानकों पर बल्कि उस रणनीतिक मूल्य पर भी मूल्यांकन किया जो साझेदार मेज पर लाता है।’ बोर्ड ने निष्कर्ष निकला कि विलय सभी शेयरधारकों और हितधारकों के सर्वोत्तम हित में होगा और यह दक्षिण एशिया में एक प्रमुख मीडिया और मनोरंजन कंपनी के रूप में उच्च विकास और लाभप्रदता प्राप्त करने की ज़ी की रणनीति के अनुरूप है।
विलय कंपनी के निर्माण के बाद, 47.07% शेयर ज़ी एंटरटेनमेंट के शेयरधारकों को मिलेगा और 52.93% शेयर सोनी नेटवर्क्स के शेयरधारकों को मिलेगा। विलय की गई कंपनी सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनी होगी।