प्रतापगढ़: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई टीम का ऐलान किया है। इस टीम में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ यानी बेल्हा से आने वाले राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य को अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें भाजपा के ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। प्रतापगढ़ से पहली बार किसी नेता को पार्टी के किसी राष्ट्रीय मोर्चे की कमान सौंपी गई है। अमरपाल मौर्य लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं और संगठन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी मोर्चे की जिम्मेदारी देकर बड़ा भरोसा जताया है। उनकी नियुक्ति को उत्तर प्रदेश समेत देशभर में पिछड़ा वर्ग के बीच भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
जिम्मेदारी मिलने के बाद अमरपाल मौर्य ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी का गया जी में पिंडदान करेंगे और उत्तर प्रदेश में उसका भूत भी दिखाई नहीं देगा। उनके इस बयान को यूपी की सियासत में भाजपा के आक्रामक चुनावी तेवर के तौर पर देखा जा रहा है अमरपाल मौर्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से प्रतापगढ़ के राजनीतिक गलियारों में भी उत्साह है। स्थानीय स्तर पर इसे जिले के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में यूपी को मिली इस अहम जिम्मेदारी के जरिए पार्टी ओबीसी वोटरों के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।