लखनऊ। उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर उड़ी सेक्टर में सेना ने पाकिस्तानी आतंकी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आतंकी का नाम बाबर बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल, दो ग्रेनेड एक रेडियो सेट बरामद हुआ है। उसकी उम्र 18 साल है। 26 सितंबर को एक आतंकी मारा भी गया था। घुसपैठ की इन साजिशों ने एक बार फिर एलओसी पर पाकिस्तान की साजिश का पर्दाफाश किया है। ये बातें मेजर जनरल वीरेंद्र वत्स जीओसी, 19 डिविजन ने कहीं।
बता दें कि पिछले सात दिनों में सेना ने सात आतंकियों को मार गिराया गया है, लेकिन जिस आतंकी को पकड़ा गया है उसकी उम्र सिर्फ 19 साल है। लश्कर ए तैयबा का ये आतंकी पाकिस्तान के पंजाब के दिपलपुर के वासेववाला गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि इसने सातवीं तक की पढ़ाई की है, लेकिन इतनी कम उम्र में ही वह आतंक के रास्ते पर चल निकला और सीधा भारत में ऑपरेशन के लिए आ गया।
जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर को ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी आतंकी अतीक उर रहमान को मार गिराया गया था और उसी के बाद उसके साथ मौजूद अली बाबर ने सरेंडर कर दिया था। इसी ने जानकारी दी कि सभी 6 आतंकी पाकिस्तान के पंजाब के रहने वाले थे।
अली बाबर ने पिता की मौत के बाद लश्कर ज्वाइन की थी, उसके घर पर मां और बहन है। 2019 में अली बाबर ने खैबर पख्तनूवा में ट्रेनिंग ली थी। अली बाबर ने बताया कि अतीक उर रहमान ने उसे मां के इलाज के लिए 20 हजार रुपये देने की बात कही थी, जबकि 30 हजार रुपये वापसी पर देने थे।