कानपूर के बाद अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी ज़ीका ने दस्तक दे दी है। शहर में ज़ीका वायरस के दो मामले सामने आए हैं। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉक्टर वेद व्रत सिंह ने इस बात की पुष्टि की है। दोनों मरीज़ शहर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। जांच एजेंसियों ने उन इलाकों की जांच शुरू कर दी है।
हुसैनगंज और कृष्णानगर से सामने आए मामले
ज़ीका के केस मिलने से स्वास्थ्य अधिकारीयों की चिंता बढ़ गई है। बता दें कि पहला मामला हुसैनगंज से सामने आया। हुसैनगंज के फूलबाग निवासी युवक ज़ीका से पीड़ित पाया गया। वहीं, दूसरा मामला कृष्णानगर निवासी एक महिला में सामने आया। डिप्टी सीएमओ डॉक्टर मिलिंद वर्धन ने कहा, ‘महिला में अभी तक किसी तरह के कोई लक्षण नहीं है। जबकि दूसरा मरीज़ जांच कराने दूसरे जनपद जा चूका है।’
मरीज़ों के अस पास रहने वाले लोगों की कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग कराई गई है। राहत की बात ये है कि मरीज़ों के पड़ोसियों में वायरस नहीं पाया गया है। मरीज़ के चार परिवारजनों के खून का सैंपल टेस्टिंग के लिए लिया गया है। बता दें कि दोनों ही मरीज़ों की कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है।