पहली बार “मेड इन इंडिया” सिविल डोर्नियर विमान आज से उड़ान भरना शुरू कर देगा और अरुणाचल प्रदेश के दूरदराज के शहरों को हवाई संपर्क प्रदान करेगा। भारतीय उड्डयन के इतिहास में यह एक ऐतिसाहिक दिन होगा। इससे देश के बाकी हिस्सों के साथ उत्तर पूर्वी क्षेत्र के हवाई संपर्क को और बढ़ावा मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली बार “मेड इन इंडिया” 17-सीटर डोर्नियर विमान को अरुणाचल प्रदेश के पांच दूरस्थ शहरों को असम के डिब्रूगढ़ से जोड़ने के लिए सेवा में लगाया जाएगा।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने उत्तर पूर्वी क्षेत्र के राज्यों में हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए और, हवाई संपर्क के लिए बुनियादी ढांचे को विकसित करने के लिए, “पूर्वोत्तर क्षेत्र (NER) में हवाई संपर्क और विमानन बुनियादी ढांचा प्रदान करने” की योजना को मंजूरी दी है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के एक हिस्से के रूप में दो महत्वपूर्ण काम हुए हैं- हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की मेड इन इंडिया- डोर्नियर डीओ-228 की पहली उड़ान जोकि असम के डिब्रूगढ़ से अलायंस एयर द्वारा अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट शहर के लिए होगी। एलायंस एयर भारत की पहली कमर्शियल एयरलाइन है जो नागरिक संचालन के लिए भारत में निर्मित विमान उड़ाएगी।
इसके अलावा असम के लीलाबारी में उत्तर पूर्वी क्षेत्र के लिए पहले एफटीओ (उड़ान प्रशिक्षण संगठन) का उद्घाटन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू भी मौजूद रहेंगे।