बेंगलुरु। आज 10 जून को राज्यसभा की 57 सीटों में से चार राज्यों की 16 सीटों पर मतदान जारी है। 11 राज्यों की 41 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तीन जून को ही हो चुका है।
चौथी सीट पर फंस सकता है पेंच
इसी क्रम में कर्नाटक में राज्यसभा की सभी चार सीटों पर मतदान प्रक्रिया जारी है। फिलहाल, चौथी सीट के नतीजे पर बड़ा पेंच फंसता नजर आ रहा है। दरअसल, यहां तीनों पार्टियों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं, लेकिन किसी भी दल के पास सीट जीतने के लिए पर्याप्त वोट नहीं हैं। राज्य में मतदान सुबह 9 बजे शुरू हो गया, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।
क्या कांग्रेस से सहयोग मांग रही भाजपा?
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी दावा किया कि भाजपा कांग्रेस का सहयोग मांग रही है। पूर्व सीएम ने कहा सीटी रवि भाजपा महासचिव हैं, तो वह कैसे कांग्रेस के दफ्तर में पहुंच गए? यह दिखाता है कि सीटी रवि भाजपा उम्मीदवार की जीत के लिए सिद्दारमैया से उनका सहयोग मांगने गए थे।
कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग
सूत्रों के अनुसार कि भाजपा के मंत्रियों ने जेडी (एस) के दो विधायकों को क्रॉस वोट के लिए मना लिया है। दोनों पार्टियों के बीच शुक्रवार अल-सुबह गुप्त स्थान पर चर्चा हुई है।
जनता दल विधायक का वोट अयोग्य ठहराने की मांग
भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाए हैं कि जनता दल (सेक्युलर) के विधायक एचडी रेवन्ना ने अपना बैलेट पेपर कांग्रेस के पोलिंग एजेंट डीके शिवकुमार को दिखाया है। भाजपा का कहना कि इस आधार पर वोट को अयोग्य ठहराया जाना चाहिए। पार्टी ने चुनाव अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज करा दी है।