नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने जूनियर ट्रांसलेटर, असिस्टेंट डायरेक्टर समेत अन्य पदों के लिए परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। यह परीक्षाएं 16 अगस्त से लेकर 27 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। जारी अधिसूचना के अनुसार, प्लानिंग असिस्टेंट व जूनियर ट्रांसलेटर ऑफिशियल लैंग्वेज की परीक्षा 16 अगस्त, 2022 को होगी। इसके अलावा, असिस्टेंट डायरेक्टर लैंडस्केप की परीक्षा भी 16 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
वहीं प्रोगामर का एग्जाम 27 अगस्त, 2022 को होगा। जो भी उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट dda.gov.in पर जाकर शेड्यूल चेक कर सकते हैं। DDA की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जूनियर इंजीनियर सिविल और जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिल/ मैकेनिकल पद के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा की तिथियां अलग से वेबसाइट पर घोषित की जाएगी।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षा की विस्तृत सूची और ई-प्रवेश पत्र जारी करने का कार्यक्रम नियत समय में डीडीए की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे वेबसाइट @dda.gov.in पर नजर बनाए रखें।
उम्मीदवार ध्यान दें कि, परीक्षा की तिथि, समय और स्थान में परिवर्तन के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा। परीक्षा की उपरोक्त तिथियां अंतिम हैं। हालांकि, अपने नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण, डीडीए बिना किसी पूर्व सूचना के तिथि बदलने/परीक्षा रद्द करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। उम्मीदवारों को COVID-19 के निर्देशों को ध्यान से पढ़ना होगा और परीक्षा के दौरान इन नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
बता दें कि डीडीए ने असिस्टेंट डायरेक्टर लैंडस्केप, प्रोगामर, जूनियर ट्रांसलेटर, जूनियर इंजीनियर सिविल, इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल समेत अन्य 279 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इस भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करना होगा।