कानपुर। कानपुर-बुंदेलखंड के भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय मंत्री मोहित सोनकर को पार्टी से निकाल दिया गया है। दरअसल, सोनकर के वायरल वीडियो को प्रदेश नेतृत्व ने गंभीरता से लिया। भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंदनारायण शुक्ल ने मोहित सोनकर को पार्टी से निकाल दिया। वहीं, दक्षिण महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी के मुताबिक आरोपित नेत्री को भी निकाल दिया गया है।
गौरतलब है कि जूही में आनंदपुरी पार्क के पास बीते शनिवार को मोहित को उसकी पत्नी और ससुरालीजनों ने भाजपा की महिला कार्यकर्ता के साथ बैठे पकड़ा था व चप्पलों से पिटाई की थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पत्नी ने भी शिकायत भी की थी। वायरल वीडियो की जानकारी जब भाजपा नेताओं को हुई तो रविवार देर रात मोहित को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
बता दें कि मोहित सोनकर और कथित बीजेपी नेत्री को पार्क में पत्नी द्वारा पकड़ने से पहले भी पुलिस दोनों को पकड़ चुकी थी। दो सप्ताह पूर्व गोविंदनगर क्षेत्र के निरालानगर स्थित रेलवे ग्राउंड के अंदर जंगल में मिल्क बोर्ड चौकी इंचार्ज ने दोनों को गाड़ी के अंदर बैठे हुए पकड़ा था, उस समय दोनों माफी मांगते हुए वहां से चले गए थे।
दोनों ओर से एफआईआर
मोहित सोनकर और बीजेपी नेत्री को पकड़ने के बाद चप्पलों से पीटने के मामले में कथित बीजेपी नेत्री के पति ने मोहित और उसके सालों पर पीटने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, आरोपित मोहित की पत्नी आकांक्षा ने नेत्री के पति पर एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई।
बीजेपी नेत्री के पति ने मोहित, राजा, शिवम और 25 से 30 अज्ञात के खिलाफ गालीगलौज के बाद मारपीट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। इधर मोहित की पत्नी आकांक्षा ने भाजपा नेत्री के पति के खिलाफ मारपीट, एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।