गोरखपुर। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखनाथ मंदिर स्थित कैंप कार्यालय के OSD मोतीलाल सिंह की गुरुवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा गुरुवार की रात करीब एक बजे बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के एनएच-28 खझौला में हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। गाड़ी में मोतीलाल सिंह अपनी पत्नी के साथ सवार थे और गाड़ी ड्राइवर चला रहा था। मोतीलाल सिंह की पत्नी को बाबा राघवदास मेडिकल कालेज गोरखपुर में गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया है।
ऐसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों पति पत्नी स्कॉर्पियो से गोरखपुर से लखनऊ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि चालक के नींद में होने की वजह से गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिसमें पति पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों लोगों को गोरखपुर के गोरखनाथ चिकित्सालय लाया गया, जहां मोतीलाल सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिछले दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर स्थित शिविर कार्यालय में तैनात जन सामान्य निवारण अधिकारी/ओएसडी मोतीलाल सिंह का कार्यकाल 30 सितंबर तक बढ़ाया गया था। मोतीलाल सिंह नगर निगम में अपर नगर अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर में अपनी सेवा दे रहे थे।
पल-पल की जानकारी ले रहे सीएम योगी
मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय और जनता दर्शन से लेकर मंदिर में आने वाली समस्त समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण में वह समन्वयक की भूमिका निभाते थे। मोतीलाल सिंह के निधन की खबर मिलते ही मंदिर में सुबह से ही लोगों की भीड़ इकट्ठा होने शुरू हो गई। मुख्यमंत्री भी घटना के संबंध में हर पल की जानकारी ले रहे हैं।