मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु आई०पी०एस० अधिकारियों को बिहार की सामाजिक, भौगोलिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का निर्देश दिया।
आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता एवं तत्परता से दूर करने पर जोर दिया।
जिलों में शांति कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के व्यापक उपयोग तथा युवा अधिकारियों से नए एवं रचनात्मक सुझाव देने का आह्वान किया।
पटना, 24 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में 2025 बैच के प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा (आई०पी०एस०) के अधिकारियों- श्री आशीष कुमार, श्री कोशिंदर, मो० ताबिश हसन, श्री नवनीत आनंद, श्री सहर्स कुमार, श्री शुभम, श्री सिदक सिंह, श्री विजय राघव गोयल, श्री विनय कुमार एवं श्री विश्व वर्द्धन के साथ बैठक कर उन्हें बिहार में बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को बिहार की परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों को शुभकामनायें देते हुये उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आम जनता के साथ सीधा संपर्क बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों से व्यवस्था की बेहतरी के लिए अपने नए एवं रचनात्मक सुझाव देने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षु आई०पी०एस० अधिकारियों को उनके आगामी जिला प्रशिक्षण एवं दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सबको मिलकर बिहार को और बेहतर बनाना है।
बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय श्री सुनील कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय श्री मनोज कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।