नई दिल्ली। ठग सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जैकलीन फर्नांडीज के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने के बाद अब इस केस में डांसर-एक्ट्रेस नोरा फतेही की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। शुक्रवार को एक्ट्रेस से दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) ने पूछताछ की है।
नोरा फतेही से पूछताछ
इससे पहले नोरा फतेही का बयान सितंबर और अक्टूबर 2021 में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 की धारा 50 के तहत दर्ज किया गया था। एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्हें एक चैरिटी कार्यक्रम के लिए बुकिंग मिली थी।
इसी दौरान सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोज ने नोरा को एक गुच्ची बैग और आईफोन गिफ्ट दिया था। साथ ही लीना ने कहा था कि सुकेश और वो मिलकर नोरा को एक नई बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट करेंगे।
जैकलीन फर्नांडीज भी हैं आरोपी
बता दें कि हाल ही में, जैकलीन फर्नांडीज ने पीएमएलए के अपीलेंट अथॉरिटी के समक्ष एक याचिका दायर की थी। इसमें कहा गया कि, ‘यह आश्चर्य की बात है कि नोरा फतेही जैसी अन्य हस्तियों, जिन्हें भी मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने धोखा दिया था, को मामले में गवाह बनाया गया था। जबकि उनका नाम एक आरोपी के तौर पर लिया जा रहा है।
ईडी ने लगाया यह आरोप
एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट में, ईडी ने आरोप लगाया है, ‘अब तक की गई जांच से पता चला है कि आरोपी जैकलीन फर्नांडीज ने जानबूझकर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अपराध की आय से जुड़ी प्रक्रिया और गतिविधि में शामिल है।
मनी लॉन्ड्रिंग से की गई कमाई का फायदा जैकलीन फर्नांडीज को भी मिला है। सुकेश ने इन्हीं पैसों से उनके और उनके परिवार के लिए भारत और विदेशों में प्रॉपर्टी खरीदी जो कि मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002 की धारा 3 के तहत एक अपराध है।