मुंबई। उप्र की राजधानी लखनऊ के गोमती नदी के किनारे स्थित टीले वाली मस्जिद के पास लेटे हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ हुई है। पुलिस के मुताबिक, नशे के आदी तौफीक अहमद ने मंदिर की मूर्तियों को तोड़ा है और ध्वज भी फाड़ दिया है। मौके पर पुलिस मौजूद है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह बुधवार रात लेटे हनुमान मंदिर में घुसा था। वह इतना नशे में था कि बात भी नहीं कर पा रहा था। गुरुवार को जब उसकी हालत सामान्य हुई, तब उसने अपना नाम बताया। पुलिस ने मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी है। मौके पर फोर्स तैनात कर दी है। एफआईआर दर्जकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मंदिर के पुजारी के मुताबिक, दो मूर्ति खंडित की गई, जिसमें एक शनि देव की और दूसरी हनुमान जी की मूर्ति है। पुजारी ने बताया मंगल महोत्सव पर कल मंदिर के अंदिर एक बड़ा प्रोग्राम चल रहा था और उसी दौरान एक शख्स आया। शख्स ने जयश्रीराम का नारा लगाया और फिर मूर्ति तोड़ दी। युवक को लोगों ने पकड़ लिया तो उसकी पहचान तौफीक के रूप में हुई।
हनुमान मंदिर के अंदर मूर्ति तोड़े जाने की घटना पर स्थानीय विधायक नीरज बोरा ने बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है। उनका कहना है कि इसके पीछे दंगा फैलाने की मंशा हो सकती है। फिलहाल हिंदूवादी संगठनों के लोगों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी है। विश्व हिंदू परिषद अमर सिंह और बजरंग दल जिला संयोजक नितेश शर्मा भी मंदिर पहुंचे।