पणजी। हरियाणा की भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट को आखिरी बार जिस कर्लीज रेस्तरां में देखा गया था, उस पर अब बुलडोजर चलाए जाने की तैयारी है। इस रेस्तरां को तटीय इलाके में निर्माण को लेकर तय नियमों का उल्लंघन करने पर गिराया जाएगा। गोवा कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी की ओर से यह आदेश जारी किया गया था, जिसे नेशनल ग्रीन ट्राइब्यूनल ने बरकरार रखा है।
संयोग की बात है कि ग्रीन ट्राइब्यूनल का यह आदेश ऐसे समय पर आया है, जब सोनाली फोगाट की संदिग्ध मौत हुई है। इस घटना से पहले सोनाली फोगाट को आखिरी बार कर्लीज रेस्तरां में ही देखा गया था। इस आदेश के खिलाफ रेस्तरां के मालिक लिनेट न्यूनस ने ग्रीन ट्राइब्यूनल में अपील की थी।
पहली बार गोवा कोस्टल मैनेजमेंट अथॉरिटी ने इसी साल जुलाई में रेस्तरां को गिराने का आदेश जारी किया था। इस मामले में काशीनाथ शेत्ये नाम के शख्स ने गोवा कोस्टल मैनेजमेंट अथॉरिटी के समक्ष शिकायत की थी और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया था।
उस अर्जी पर सुनवाई करते हुए अथॉरिटी ने इसे गिराने का आदेश जारी किया था। इसके बाद रेस्तरां के मालिक ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी। सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि इस मामले में एनजीटी को ही फैसला लेना चाहिए। अब एनजीटी ने भी अथॉरिटी के ही आदेश पर मुहर लगाते हुए कहा है कि रेस्तरां को गिराए जाने का फैसला सही है।
गौरतलब है कि बीते महीने सोनाली फोगाट गोवा के दौरे पर थीं जहां उनकी संदिग्ध मौत हो गई थी। गोवा पुलिस ने पिछले दिनों सोनाली फोगाट के गृह जिले हिसार जाकर भी जांच की थी। पुलिस ने सोनाली फोगाट की मौत मामले में उनके दोनों सहयोगियों को अरेस्ट भी कर लिया है।