अहमदाबाद। गुजरात में एक बार फिर पेपर लीक होने की खबर आई है। इसको देखते हुए आज 29 जनवरी को आयोजित होने वाली जूनियर क्लर्क (Junior Clerk) भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। गुजरात पंचायत सर्विस सेलेक्शन बोर्ड की तरफ से यह फैसला लिया गया है।
पेपर लीक मामले में गुजरात एटीएस की जांच जारी है। अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुजरात एटीएस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से पांच गुजरात के ही रहने वाले हैं। हैदराबाद, उड़ीसा, मद्रास में एटीएस की जांच जारी है। जल्द ही मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
देर रात एक युवक को किया था गिरफ्तार
बता दें कि, वडोदरा पुलिस को देर रात एक युवक के पास से पेपर की कॉपी मिली थी। युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आज सुबह 11 बजे से परीक्षा होनी थी।
सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्रों पर नहीं जाने की सूचना दे दी गई है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि दोबारा परीक्षा कब कराई जाएंगी। पेपर रद्द होने की वजह से कुल नौ लाख 53 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों की मेहनत पर पानी फिर गया है।
गुजरात पंचायत सेवा चयन बोर्ड की तरफ से आज Class III Junior Clerk के कुल 1 हजार 185 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जानी थी। इसके लिए 9 लाख 53 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। परीक्षा 2 हजार 995 परीक्षा केंद्रों पर होनी थी।