भोपाल (मप्र)। मप्र की शिवराज सरकार आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए एक योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत सरकार आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को 1000 रुपए की राशि दी जाएगी। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी है। बता दें कि मप्र में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
योजना पर खर्च होंगे 60 हजार करोड़ रुपए
CM शिवराज ने शनिवार की शाम नर्मदापुरम शहर में नर्मदा नदी के तट पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पांच साल में इस योजना पर 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। उन्होंने कहा, हम लाडली लक्ष्मी योजना की तर्ज पर सभी वर्गों के निम्न और मध्यम वर्ग की गरीब महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना शुरू करेंगे। हमारी बहनों को 1,000 रुपये प्रति माह यानी 12,000 रुपये प्रति वर्ष की राशि दी जाएगी।
सभी वर्गों की महिलाओं को होगा लाभ
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस योजना से सभी वर्गों की गरीब महिलाएं लाभान्वित हो सकती हैं, भले ही उन्हें अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा हो। उन्होंने कहा, मुझे अपनी बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। वे मजबूत होंगी तो परिवार मजबूत होगा। परिवार मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा। समाज मजबूत होगा तो राज्य मजबूत होगा।
नर्मदा कॉरिडोर और नर्मदा लोक बनाने की घोषणा
सीएम ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल लोक की तर्ज पर नर्मदा कॉरिडोर और नर्मदा लोक बनाने की योजना की भी घोषणा की। चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह ने शनिवार को नर्मदा जयंती के अवसर पर नर्मदा तट पर पूजा अर्चना की।
उन्होंने 11 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन आयुक्त नर्मदापुरम के भवन का लोकार्पण, एक करोड़ 97 लाख की लागत से रामलीला मैदान के उन्नयन, दो करोड़ रुपए की लागत से मुख्यमंत्री अधोसंरचना एवं विभिन्न विकास कार्य और पांच करोड़ 53 लाख रुपए की लागत वाले नगर के आडिटोरियम का वर्चुअली भूमि-पूजन किया।
महिलाओं को दिए जाएंगे 1000 रुपए
लाड़ली बहना योजना के तहत सभी वर्ग की महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में उन्हें हर महीने एक हजार रुपए की राशि दी जाएगी। आगामी बजट में इसे शामिल कर ये योजना बनाई जाएगी। इस दौरान सीएम ने कहा, इस योजना से मध्यम वर्ग की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो सकेंगी। किसी ने भी बहन बेटियों की ओर बुरी नजर डाली तो उसे फांसी की सजा दी जाएगी। साथ ही उनके घर पर बुलडोजर भी चलाए जाएंगे।