भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारने की घटना की निंदा की है। मुख्यमंत्री ने मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में गांधी चौक पर बीजद कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास पर आज रविवार की दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर गांधी चौक पुलिस चौकी के एएसआइ गोपाल दास ने गोली चला दी। नजदीक से चलाई गई एक गोली मंत्री के बाएं सीने पर लगी है, जिसके कारण वे गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े।
घटना के वक्त मौके पर मौजूद बीजद कार्यकर्ता मृत्युंजय पंडा ने बताया कि मंत्री जी के पहुंचने पर मैं, दिलीप सोय व हृतेश ठक्कर समेत अन्य कार्यकर्ता उनके पास पहुंचे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता मंत्री जी पांव छूने लगे। इतने में एएसआइ वहां पहुंचा और अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर उन पर गोली चला दी। एक गोली मंत्री जी के सीने में लगी।
कार्यकर्ताओं ने तुरंत आरोपी एएसआइ को पकड़ लिया, लेकिन वह फिर भी गोली चलाता रहा। तभी कार्यकर्ताओं ने उसके हाथ को पकड़कर उपर की ओर उठा दिया। इसके बाद, मंत्री जी को तुरंत उठाकर अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद भीड़ ने हमलावर एएसआइ की पिटाई भी कर दी। पुलिस ने एएसआइ को भीड़ से छुड़ाते हुए गिरफ्तार किया और अपने साथ ले गई। घटना के बाद तुरंत मंत्री को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें विशेष विमान से भुवनेश्वर स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया है। उनके साथ उनकी पत्नी, बेटा व बहु भी हैं।