प्रयागराज। गुजरात की साबरमती जेल में बंद माफिया अतीक अहमद की उप्र की जेल में ट्रांसफर होने पर अपनी जान को खतरा बताते हुए लगाई गई गुहार पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार हो गया है। अतीक अहमद की याचिका पर आज सुनवाई हो सकती है।
गौरतलब है अतीक अहमद ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुरक्षा की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया है कि 2005 के राजू पाल हत्याकांड के एक प्रमुख गवाह और उसके दो सुरक्षा गार्डों की हत्या किए जाने के बाद उन्हें उप्र पुलिस द्वारा फर्जी मुठभेड़ में मारे जाने का डर है।
उनकी याचिका ऐसे दिन आई है जब एक भाजपा सांसद ने परोक्ष रूप से ऐसी संभावना की चेतावनी दी थी। इसके अलावा बुधवार को अतीक अहमद के एक सहयोगी के घर प्रयागराज में नगर निगम के अधिकारियों ने नागरिक कानून के उल्लंघन का हवाला देते हुए बुलडोजर चला दिया।
सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिका में अतीक अहमद ने कहा है, “उन्हें वास्तव में आशंका है कि इस पारगमन अवधि के दौरान उन्हें समाप्त किया जा सकता है”, केंद्र और राज्य सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश देने की मांग की गई है।
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उनकी सुरक्षा में लगे दो पुलिसकर्मियों की भी मौत हो गई थी।
जिसमें संदीप की मौके पर ही मौत हो गई वहीं राघवेन्द्र ने बुधवार को इलाज के दौरान पीजीआई में दम तोड़ा। उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी अरबाज सोमवार को प्रयागराज में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद पर भी मामला दर्ज है।