पटना। जमीन के बदले नौकरी ‘घोटाला’ मामले में सीबीआई ने बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को शनिवार को पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित हेड क्वार्टर में बुलाया। हालांकि, सूत्रों से पता चला है कि तेजस्वी यादव सीबीआई के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने अपनी पत्नी की खराब सेहत का हवाला दिया है। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को ED के छापे के बाद उनकी पत्नी राजश्री यादव की तबीयत बिगड़ी गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजश्री यादव गर्भवती हैं। शुक्रवार को 12 घंटे की पूछताछ के बाद ब्लड प्रेशर की समस्या के कारण वे बेहोश हो गईं।
बता दें कि जमीन के बदले नौकरी ‘घोटाला’ मामले में लालू यादव के परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई ने पहले लालू यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी से पूछताछ की थी। वहीं अब तेजस्वी यादव को समन भेजा गया है. सीबीआई ने तेजस्वी यादव को इस मामले में दूसरी बार समन भेजा है।
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले तेजस्वी यादव को 4 फरवरी को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया था और इसके लिए बाकायदा उन्हें समन भेजा गया है, लेकिन विधानसभा सत्र चलने का हवाला देकर वो दिल्ली नहीं आए। अब उन्हें फिर से पूछताछ के लिए समन भेजा गया है। इससे पहले, लैंड फॉर जॉब स्कैम में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय की टीमों में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और पटना में 20 से अधिक जगहों पर छापेमारी की। लालू यादव की बेटियों के घर पर ईडी ने रेड डाली। इसी के साथ, दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में स्थित तेजस्वी के घर भी ईडी ने छापेमारी कार्रवाई की और कई अहम दस्तावेज जब्त किए। ईडी की रेड के एक दिन बाद ही सीबीआई ने तेजस्वी यादव को पूछताछ के लिए बुलाया है।