मंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी रैलियों में जनता को रिझाने में लगे हुए हैं। सत्तारूढ़ भाजपा एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को जमकर अपने निशाने पर ले रही है।
जहां बेलगावी में अपनी रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर बजरंगबलि और सावरकर का अपमान करने का आरोप लगाया था, तो अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा मंगलुरु में जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर जमकर बरसे।
राहुल गांधी की गारंटी कौन लेगा?
हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलुरु में रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए जनता से सवाल करने के अंदाज़ में कहा कि राहुल गांधी कर्नाटक के लोगों की गारंटी दे रहे हैं, लेकिन उनकी गारंटी कौन लेगा?
सरमा ने कहा की अमेठी के लोग अभी भी सोच रहे हैं कि कैसे उन्होंने लगभग पूरे इतिहास में एक परिवार को चुना, वो एक बार हारे और वहां से निकल गए। अब वे पिछले पांच साल से अमेठी नहीं गए हैं। उन्होंने जनता से पूछा- क्या आप उस व्यक्ति की गारंटी ले सकते हैं जो अपनी गारंटी नहीं ले सकता है।
राहुल को लेकर सोनिया गांधी भी चिंतित
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी को नागरिक और एक इंसान बनाने में सोनिया गांधी को अकेले 20 साल लग गए और अब ये व्यक्ति आकर कर्नाटक के लोगों की गारंटी दे रहा है। वह एक जगह कुछ और बोलता है तो वहीं दूसरी जगह जाकर कुछ और। हालांकि, उनकी मां (सोनिया गांधी) भी उन्हें लेकर अब चिंतित रहती है। बता दें कि कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होने वाला है और 13 मई को परिणाम जारी किया जाएगा।