कर्नाटक विधानसभा की सभी 224 सीटों पर रुझान आ गए हैं। चुनाव आयोग द्वारा जारी रुझानों के अनुसार कर्नाटक में बीते 38 सालों का ट्रेंड बदलता नहीं दिख रहा है। ट्रेंड के अनुसार एक बार फिर राज्य में सरकार बदल रही है। रुझानों में कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बनाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस 138 सीटें और भाजपा 62 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, जेडीएस केवल 20 सीटों पर आगे है।
भाजपा सरकार के कई कैबिनेट मंत्री पीछे चल रहे हैं। बेंगलुरु में भी भाजपा पिछड़ गई है। राज्यभर के 36 केंद्रों में मतगणना से रुझान आ गए हैं। राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को चुनाव में 73.19 प्रतिशत का ‘रिकॉर्ड’ मतदान दर्ज किया गया था।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कर्नाटक की जनता को धन्यवाद व बधाई। आज कर्नाटक में नफरत की दुकान बंद हुई और मोहब्बत का बाजार खुल गया, अब ऐसा ही हर राज्य में होगा।
घोषणापत्र की घोषणाओं को जल्द लागू करेंगेः खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस को भारी जनादेश देने के लिए कर्नाटक की जनता का धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि हम जनता के विश्वास को बनाए रखेंगे और घोषणापत्र में की गई घोषणाओं को जल्द लागू करेंगे। मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस नहीं, बल्कि जनता की जीत है।
कर्नाटक चुनाव के रुझानों में कांग्रेस की जीत देख प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मैं इस जीत के लिए अपने कार्यकर्ताओं और अपनी पार्टी के नेताओं को श्रेय देता हूं जिन्होंने इतनी मेहनत की है और झूठ का पर्दाफाश किया है।