कोल्हापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ग्रीस से सीधा बेंगलुरु पहुंचे और इसरो कमांड सेंटर पर पहुंचकर वैज्ञानिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर सफल लैंडिंग पर वैज्ञानिकों को बधाई दी। प्रधानमंत्री के इस दौरे पर NCP सुप्रीमो शरद पवार का बयान सामने आया है।
क्या बोले शरद पवार?
शरद पवार ने कहा कि पीएम मोदी इसरो कमांड सेंटर का दौरा करने में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करना देश के राजनेताओं पर निर्भर है।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पवार ने कहा, अगर प्रधानमंत्री बेंगलुरु गए हैं तो मेरे हिसाब से यह कोई गलत बात नहीं है। इसरो के वैज्ञानिकों ने देश का मान बढ़ाया है। वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करना राजनेताओं पर निर्भर है। वहां जाने के लिए किसी तरह के प्रोटोकॉल की जरूरत नहीं है।
चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद बढ़ी देश की प्रतिष्ठा
पवार ने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर ऐतिहासिक लैंडिंग के बाद देश की ‘प्रतिष्ठा’ बढ़ी है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत ने पूरी दुनिया को दिखाया है कि चंद्रमा का बहुत बारीकी से अध्ययन किया जा सकता है।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग कब हुई?
23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चांद की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हुई। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण अफ्रीका से वर्चुअली शामिल हुए। वे 15 वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहान्सबर्ग में थे।