नई दिल्ली। गाजा पट्टी में अल-अहली अस्पताल में ब्लास्ट के बाद 500 से ज्यादा मौतों को लेकर पीएम मोदी ने दु:ख जताया है। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि इसके लिए जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।
एक्स पर किया पोस्ट
पीएम मोदी ने लिखा, “गाजा के अल-अहली अस्पताल में मौतों से गहरा दुख पहुंचा है। पीड़ितों के परिवारों के साथ मेरी हार्दिक संवेदनाएं और घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थनाएं।” पीएम ने इसी ट्वीट में कहा, “ताजा संघर्ष में नागरिकों की मौत की घटना एक गंभीर और चिंता की बात है। इसके लिए जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।”
कल हुआ था अस्पताल पर हमला
बता दें कि इस्राइल-हमास युद्ध के बीच कल मंगलवार को गाजा पट्टी में अल-अहली अरब अस्पताल में कई धमाके हुए। इनमें कम से कम 500 लोगों की मौत हुई है। गाजा में सत्तारूढ़ हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने कहा कि अस्पताल की ध्वस्त इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। गौरतलब है कि गाजा के कई अस्पताल सैकड़ों लोगों के लिए शरणस्थल बन गए हैं, उन्हें उम्मीद है कि इस्राइल द्वारा आसपास के इलाकों के सभी निवासियों को दक्षिणी गाजा पट्टी में खाली करने के आदेश के बाद उन्हें बमबारी से बचाया जाएगा।
अभी यह साफ नहीं है कि अस्पताल में यह हादसा किस तरफ से हमले में हुआ। जहां हमास ने अस्पताल में हमले के पीछे इस्राइली वायुसेना को जिम्मेदार ठहराया है, तो वहीं इस्राइल का कहना है कि इस हमले की वजह फलस्तीन इस्लामिक जिहाद (PIJ) संगठन की ओर से की गई रॉकेटों की बारिश है, जो उसके अपने ही लोगों को निशाना बना गई।