हैदराबाद। तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। 119 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने 52 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। बीजेपी की पहली लिस्ट में टी राजा सिंह का नाम भी है। तेलंगाना भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सासंद बंदी संजय कुमार को पार्टी ने करीमनगर सीट से उम्मीदवार बनाया है।
खास बात यह है कि टिकट जारी करने के कुछ घंटों पहले ही बीजेपी ने टी राजा सिंह का निलंबन वापस लिया था। उन्हें एक बार फिर से बीजेपी ने हैदराबाद की गोशमहल सीट से प्रत्याशी बनाया है। टी राजा सिंह तेलंगाना में बीजेपी के इकलौते विधायक हैं।
टी राजा सिंह के अलावा बीजेपी की लिस्ट में तीन और ऐसे नाम हैं जो चर्चा का विषय है। बीजेपी ने तीन मौजूदा सांसदों को भी तेलंगाना विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया है। इस लिस्ट में 3 सासंद बंदी संजय कुमार, धर्मपुरी अरविंद और सोयम बापू राव को भी दिया गया है। बीजेपी की पहली लिस्ट में 12 महिलाओं के भी नाम हैं।
ये नाम खास
खास उम्मीदवारों में तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) के पूर्व नेता एटाला राजेंद्र का नाम शामिल हैं। उन्हें हुजुराबाद के गजवेल से टिकट मिला है, जहां उनका मुकाबला वर्तमान मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से होगा। रानी रुद्रमा रेड्डी सिरसिला से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, जहां उनका मुकाबला आईटी मंत्री केटी रामा राव से होगा।
स्पष्टीकरण के बाद वापस निलंबन
विधायक टी राजा सिंह को पिछले साल पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया था।बीजेपी की केंद्रीय अनुशासन समिति ने रविवार को राजा सिंह को सूचित किया कि उनका निलंबन रद्द करने का फैसला किया गया है। समिति ने उनके निलंबन के बाद उन्हें जारी किए गए कारण बताओ नोटिस के जवाब के आधार पर यह निर्णय लिया।
अगस्त में हुआ था सस्पेंशन
विधायक को मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली कुछ टिप्पणियां करने के आरोप में पिछले साल अगस्त में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें 25 अगस्त को जेल भेज दिया गया था। तेलंगाना हाई कोर्ट ने पुलिस आयुक्त के आदेश को रद्द करने और उन्हें जमानत देने के बाद राजा सिंह को 9 नवंबर को जेल से रिहा कर दिया गया। हालांकि, अदालत ने उन्हें ऐसा कोई भाषण या टिप्पणी नहीं करने का निर्देश दिया जिससे समुदायों के बीच नफरत पैदा हो।
टी राजा सिंह ने चुनाव न लड़ने का किया था ऐलान
चूंकि बीजेपी ने उनके निलंबन को रद्द करने में देरी की, इसलिए राजा सिंह ने इस साल अगस्त में राज्य विधानसभा को बताया था कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। राज्य के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी. हरीश राव के साथ उनकी मुलाकात के बाद अटकलें शुरू हो गई थीं कि वह सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने बीजेपी छोड़ने या निर्दलीय चुनाव लड़ने से इनकार किया था।