पटना। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नित्यानंद राय से मुलाकात पर राष्ट्रीय लोक जनता दल (RLJD) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया के सामने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू पर जमकर निशाना साधा। वहीं, उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बारे में अलग तरह से अपना पक्ष रखा।
जेडीयू को बताया समाप्त तो RJD को बताया चुनौती
उपेंद्र कुशवाहा से जब जेडीयू और आरजेडी से टक्कर मिलने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जेडीयू का नाम मत लीजिए। वह तो अब समाप्ति की कगार पर है। उस पार्टी में अब कुछ बचा थोड़ी है। हां RJD ठीक है और हम उसे ही चुनौती मानकर चल रहे हैं। RJD से ही हमारी चुनावी लड़ाई होगी।
जेडीयू में टूट निश्चित
कुशवाहा ने कहा कि जेडीयू में टूट निश्चित है और इसके लिए नीतीश कुमार पूरी तरह से जिम्मेदार हैं। नीतीश ने अपने हाथ से जेडीयू का गला घोंट दिया है। जेडीयू पर नीतीश कुमार का अब कोई कमांड नहीं रहा है। बहुत जल्द सबकुछ उजागर हो गया और सच्चाई सामने आ जाएगी।
नीतीश कुमार से अलग होकर बनाई थी नई पार्टी
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा ने फरवरी महीने में बगावती तेवर अपनाते हुए नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी थी। कुशवाहा ने कहा था कि वे आज से नई शुरुआत करने जा रहे हैं। नीतीश कुमार ने कुशवाहा को संसदीय दल का अध्यक्ष बनाया था।
नित्यानंद राय से हमारे व्यक्तिगत संबंध
नित्यानंद राय को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा उनसे हमारे व्यक्तिगत संबंध भी हैं। हमारी पार्टी भी NDA का हिस्सा है। चुनाव आ रहे हैं तो स्वाभाविक रूप से इस विषय पर भी चर्चा हुई। NDA को कैसे मजबूत किया जाए इस पर चर्चा हुई। हम सभी 40 सीटें जीतेंगे।