नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं। अयोध्या में रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का उद्घाटन हो चुका है। इस बीच कांग्रेस की तरफ से बीजेपी पर चुनावी वादे पूरा नहीं करने को लेकर कांग्रेस ने हमलावर रुख अपनाया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के वादों को लेकर रविवार को उनकी आलोचना की। खरगे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के झूठ सबसे मजबूत हैं।
2023 का आखिरी दिन और BJP का वादा
खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि नरेन्द्र मोदी जी, 2023 का आज आखिरी दिन है। आपने कहा था कि 2022 तक ही हर किसान की आमदनी दोगुनी हो जाएगी। हर हिंदुस्तानी के पास घर होगा और उसमें चौबीसों घंटे बिजली मिलेगी। अर्थव्यवस्था 5,000 अरब डॉलर की हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सब तो नहीं हुआ, पर हर भारतीय को पता है कि भाजपा के झूठ हैं सबसे मजबूत।’
जनगणना को लेकर देरी पर सवाल
कांग्रेस अर्थव्यवस्था और किसानों से जुड़ी नीतियों को लेकर सरकार पर निशाना साधती रही है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दस वर्ष में जनगणना न कराने को लेकर सरकार पर निशाना साधा। जनगणना कराने में देरी पर एक पोस्ट में रमेश ने कहा कि 2021 में होने वाली दशकीय जनगणना में अत्यधिक देरी कई सवाल खड़े करती है। यह केवल कोविड महामारी से संबंधित नहीं है। नि:संदेह कुछ तो पक रहा है।
चीन के आगे घुटने टेकने का आरोप
इससे पहले शनिवार को खरगे ने चीन को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। खरगे ने ट्वीट में लिखा था कि भारत माता के वीर सपूत एवं परम वीर चक्र से सम्मानित, 1962 रेजांग-ला युद्ध के महानायक, मेजर शैतान सिंह के चुशूल, लद्दाख स्थित मेमोरियल को 2021 में ध्वस्त किये जाने की ख़बर बेहद पीड़ादायक है।
बीजेपी ने उनके मेमोरियल को धराशायी कर देश को एक बार फिर अपने नकली देशभक्त होने का सबूत दिया है। उन्होंने लिखा था कि दुखद है कि यह सरकार चीनी मंसूबों के आगे घुटने टेक चुकी है।