कटिहार (बिहार)। विपक्षी दलों के I.N.D.I. गठबंधन में सीट बंटवारे पर मची रार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। गठबंधन में सीट बंटवारे पर मची सियासत पर अब कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गठबंधन में शामिल दलों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर एक स्वर में बोलना चाहिए।
कांग्रेस ने सहयोगी दलों को दी नसीहत
गठबंधन में सीट बंटवारे पर जयराम रमेश का कहना है कि अभी तक हमारी ओर से चीजें तय नहीं हुई हैं। गठबंधन में सभी सदस्यों को एक स्वर में बोलना चाहिए। एकतरफा फैसले नहीं लिए जा सकते, I.N.D.I. गठबंधन में तीन पार्टियां हैं। अगर ये तीनों अलग-अलग लड़ना चाहते हैं तो उन्हें आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा करनी चाहिए।
बंगाल में सीट बंटवारे पर बोले जयराम रमेश
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि सीट बंटवारे पर अभी तक हम विचार कर रहे हैं कि INDI गठबंधन पश्चिम बंगाल में भी एक साथ लड़ेगा या नहीं।
दरअसल, TMC ने मंगलवार को कहा कि I.N.D.I. गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते कांग्रेस की अधिक जिम्मेदारी बनती है और पश्चिम बंगाल से संबंधित सीटों के बंटवारे के मुद्दे को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास छोड़ देना चाहिए।
टीएमसी नेता सुदीप बंधोपाध्याय ने सर्वदलीय बैठक से पहले कहा कि अगर ममता बनर्जी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और वामपंथियों को शून्य पर ला सकती हैं तो वह लोकसभा चुनाव में भाजपा को भी शून्य पर ला सकती हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस बंगाल में कुछ करना चाहती है तो इस मामले को भी ममता बनर्जी पर छोड़ देना चाहिए।