कानपुर। प्रयागराज से कानपुर होते हुए भिवानी को जाने वाली ट्रेन कालिंदी एक्सप्रेस (14117) को एलपीजी सिलिंडर से उड़ाने की कोशिश नाकाम हो गई है। कानपुर में अनवरगंज-कासगंज रेलवे रूट पर देर शाम भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस ट्रैक पर रखे सिलिंडर से टकरा गई।
ट्रेन की स्पीड ज्यादा होने के कारण ब्रेक टाइम पर नहीं लगा जिसकी वजह से ट्रेन सिलिंडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि भरा हुआ सिलिंडर करीब 200 मीटर दूर जा कर गिरा। गनीमत रही कि किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
ट्रेन के ड्राइवर ने सूचना आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ के इंस्पेक्टर ओपी मीणा की टीम ने जांच शुरू की तो ट्रेन से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक भरा हुआ एलपीजी सिलिंडर बरामद हुआ। RPF से मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से एक एलपीजी सिलिंडर, माचिस, पेट्रोल बम जैसी पेट्रोल से भरी बोतल, एक झोला और अन्य संवेदनशील वस्तुएं बरामद हुई हैं। आज घटनास्थल पर फिर से RPF और यूपी पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ जांच करेगी।