चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘एक देश, एक चुनाव’ की वकालत की। उन्होंने केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे देश के विकास को नई गति मिलेगी , क्योंकि जो समय पहले चुनावी प्रक्रियाओं को संपन्न करने में जाता था, उस समय को अब देश के विकास में लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जो विजन है, वह पूरे देश के लिए एक सकारात्मक दिशा में है, और मैं इस विजन का स्वागत करता हूं।
मोदी जी का यह विजन उन समस्याओं का समाधान पेश करता है, जो लंबे समय से हमारे देश में रही हैं। विशेषकर चुनावों के खर्च और समय की बर्बादी को लेकर। पहले देश में हर पांच साल में चुनाव होते थे। कभी पंचायत के चुनाव, कभी नगरपालिका, कभी विधानसभा, और कभी लोकसभा के चुनाव। इस कारण से धन का बड़ा हिस्सा चुनाव पर खर्च हो जाता था, और साथ ही समय भी बर्बाद होता था। इससे विकास की गति धीमी हो जाती थी। चुनावों के कारण कई बार प्रशासनिक कार्यों में रुकावट आ जाती थी, क्योंकि आचार संहिता लागू होती थी, जिसके कारण सरकारें विकास कार्यों को गति नहीं दे पाती थीं।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस समस्या का समाधान खोजा है, और उनके द्वारा प्रस्तावित “वन नेशन, वन इलेक्शन” की योजना देश के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह योजना न केवल खर्चों में कमी लाएगी, बल्कि देश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को भी अधिक सक्षम बनाएगी। इससे सरकार को हर चुनावी समय में चुनावी प्रतिबंधों से जूझने की आवश्यकता नहीं रहेगी, और विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं आएगी।” उन्होंने आगे कहा, “जहां तक पार्टी की तैयारियों की बात है, हम पूरी तरह से तैयार हैं। हमारी पार्टी ने यह तय किया है कि हम जहां जहां चुनावी प्रतीक पर चुनाव लड़ते हैं, वहां हम वही प्रतीक इस्तेमाल करेंगे। पार्टी के उच्च अधिकारी इस बारे में बैठकर निर्णय लेते हैं, और जो भी निर्णय होता है, उसे हम आगे बढ़ाते हैं।