नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह दिए जाने और बुजुर्गों का निःशुल्क इलाज कराए जाने जैसी योजनाओं को भाजपा रोकना चाहती है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन योजनाओं की जांच के आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें किस चीज की जांच होगी। यह हमारी चुनावी घोषणाएं हैं, जिन्हें जांच के नाम पर ये रोकना चाहते हैं।
केजरीवाल का कहना है कि भाजपा ने अपने इस कदम से अपनी नियत साफ कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली के लोगों को मिलने वाली सुविधाएं रोकना चाहती है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस मिलकर आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश कर रही है। भाजपा की हिम्मत नहीं हुई तो भाजपा ने कांग्रेस के संदीप दीक्षित से उपराज्यपाल को शिकायत करवाई।
केजरीवाल ने कहा कि वह इन योजनाओं को रुकने नहीं देंगे और हर हाल में दिल्ली में लागू करवाएंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से दोनों योजनाओं के तहत पंजीकरण करवाने को कहा। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि सरकार ने दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की थी। पहली योजना के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह देने और दूसरी योजना के तहत बुजुर्गों को निःशुल्क इलाज देने का वादा किया गया है।