चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोग अब अरविंद केजरीवाल के झांसे में आने वाले नहीं है। इस बार दिल्ली चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करने जा रही है। सीएम नायब सैनी ने इस दौरान हरियाणा में महिलाओं को 2100 देने के मुद्दे पर बात कही। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में वो जानकारी देंगे। उन्होंने भ्रष्टाचार पर निशान साधते हुए कहा कि हमारी सरकार जीरो टोलरेंस पर काम कर रही है। इसे लेकर डीसी व एसपी को भी निर्देश दिए हैं कि जनता के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। समाधान शिविर में आकर भी लोग डीसी व एसपी से अपनी बात कर सकते हैं।
सीएम सैनी ने कहा कि 28 फरवरी 2025 तक तीन नए आपराधिक कानून पूर्ण रूप से लागू किए जाएंगे। इन्हीं तीनों नए आपराधिक कानूनों के हिसाब से सिस्टम के इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव करना होगा। करीब 445 कोर्ट में विडियो कांफ्रेंसिंग की व्यवस्था लागू की जाएगी। जेल से ही कैदियों की विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी। ई-समन और ई-चालान की व्यवस्था को अपनाना होगा। बता दें कि करनाल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि गन कल्चर या नशे को बढ़ावा देने वालों गानों पर पुलिस अपनी निगरानी रखें। बैठक की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना पढ़ने से हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराध पर गंभीरता दिखाए। इन सभी अपराधों पर लगातार प्रदेश स्तर पर मैं खुद निगरानी रख रहा हूं। पुलिस का व्यवहार पीड़ितों के प्रति सहानुभूति पूर्ण और अपराधियों के लिए आक्रामक हो। अफसर सोशल मीडिया पर निगरानी रखें और उसका इस्तेमाल सकारात्मक दिशा में सुनिश्चित करें।