पटना। 38वें नेशनल गेम्स का 12वां दिन बिहार के लिए काफी खास रहा। बिहार के खेल इतिहास में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला. बिहार नेशनल गेम्स में 25 साल बाद पहला गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहा। बिहार के लिए ये ऐतिहासिक जीत लॉन बॉल की महिला ट्रिपल स्पर्धा में आई, जहां खुशबू कुमारी , निकहत खातून और पायल प्रीति ने कमाल का प्रदर्शन किया और अपने राज्य के लिए गोल्ड मेडल के सूखे को खत्म किया।
इस जीत पर खुशी जाहिर करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, ‘उत्तराखंड में खेले जा रहे 38वें नेशनल गेम्स में लॉन बॉल की महिला ट्रिपल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर बिहार की बेटियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. बिहार की महिला टीम- पायल प्रीति, खुशबू कुमारी और निखत खातून ने असाधारण कौशल, धैर्य और समर्पण का प्रदर्शन करते हुए लॉन बॉल में स्वर्ण पदक हासिल किया. इस ऐतिहासिक जीत पर पूरे बिहार को उन पर गर्व है. सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना है।