दुबई। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे संन्यास की खबरे सामने आ रही थीं पर जीत के बाद रोहित शर्मा ने कुछ ऐसा बोला जिससे सारी संन्यास की अफवाहों पर विराम लग गया। इसी के साथ उन्होंने ये बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में किस खिलाड़ी ने टीम इंडिया की जीत के लिए शानदार पारी खेली?
ऑस्ट्रेलिया दौरे में टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद से टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के प्रदर्शन और कप्तानी पर लगातार सवाल उठ रहे थे। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भी रोहित शर्मा के बल्ले से कुछ खास रन नहीं बरसे थे पर न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित ने शानदार ताबड़तोड़ 76 रनों की पारी खेली थी। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट से जीत के बाद रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘मैं वनडे फॉर्मेट से संन्यास नहीं ले रहा हूं। कृपया अफवाहें मत फैलाइए।’’ भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘‘कोई फ्यूचर प्लान नहीं है। जो हो रहा है, वो चलता जाएगा।’’
बात करें मैच की फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। इसी के साथ रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 12 साल बाद आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सूखे को खत्म करते हुए तीसरी बार वाइट ब्लेजर जीता। रोहित शर्मा को 76 रनों की पारी खेलने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की अच्छी पारियों के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।