लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके के एक होटल के कमरे में विदेशी महिला की रहस्यमयी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, उज्बेकिस्तान की महिला का शव एक होटल के कमरे से बरामद हुआ और अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसकी मौत हत्या, आत्महत्या या किसी और कारण से हुई है।
उज़्बेकिस्तान की नागरिक 43 वर्षीय एगंबरडीवा ज़ेबो 2 मार्च को दिल्ली के सतनाम नामक युवक के साथ लखनऊ आई थी और विजयंतखंड स्थित एक होटल में ठहरी थी। 5 मार्च को सतनाम अचानक गायब हो गया और इसके बाद महिला अकेले ही होटल में रह रही थी। होटल स्टाफ ने 9 मार्च को कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिली।
इसके बाद, होटल कर्मचारियों ने मास्टर की से दरवाजा खोला। इस दौरान महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बिस्तर पर पड़ा हुआ था। होटल की ओर से तुरंत ही आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर कॉल की गई और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। महिला को तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।