हाथरस। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से सड़क हादसे की खबर आ रही है। हाथरस जिले में उत्तराखंड रोडवेज की बस और उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस के बीच भीषण टक्कर हो गई है। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई है। वहीं, दोनों बसों की इस टक्कर में 17 अन्य लोग घायल हो गए हैं। बता दें कि जिस शख्स की मौत हुई है वह उत्तर प्रदेश रोडवेज बस के चालक है।
ये हादसा बुधवार को तड़के देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड रोडवेज की आगरा से टनकपुर जा रही थी। वहीं, उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस हाथरस से आगरा जा रही थी। मीतई गांव के पास इन दोनों में टक्कर हो गई। इस हादसे में उत्तर प्रदेश रोडवेज बस के चालक विजय सिंह (52 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक हाथरस के सादाबाद के टिकेट गांव का रहने वाला था। वहीं, जो 17 लोग घायल हुए हैं उनमें उत्तराखंड रोडवेज की बस का चालक यूनिस (47 वर्ष) भी शामिल है। वह उत्तराखंड के अलीनगर का रहने वाला है।सूचना मिलने पर चंदपा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायल यात्रियों को बागला जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।” पुलिस के मुताबिक, इस हादसे के कारणों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।