नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने 84 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली। वहीं उनके निधन के बाद पीएम मोदी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि वह धर्मेंद्र प्रधान के पिता देबेंद्र प्रधान भी भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री भी थे। उनके पुत्र धर्मेन्द्र प्रधान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के पूर्व अध्यक्ष देबेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में अंतिम सांस ली। एम्स दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर लाया जाएगा। इसके बाद वहां से भुवनेश्वर और फिर पुरी स्वर्ग द्वार ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वाजपेयी की सरकार में बने केंद्रीय मंत्री
देवेंद्र प्रधान 1998 में आयोजित 12वें लोकसभा चुनाव में देवगड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। बाद में उन्होंने वाजपेयी की सरकार में केंद्र मंत्री के तौर पर दायित्व संभाला।
इसके बाद 13वें लोकसभा चुनाव में पुन: देवगड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और चुनाव जीतकर संसद पहुंचे और फिर वाजपेयी सरकार में मंत्री बने।
ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में देवेंद्र प्रधान की महती भूमिका रही है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का कार्यभार भी संभाला था। राजनीति में आने से पहले देवेंद्र प्रधान सरकारी डॉक्टर थे।