नई दिल्ली। भारत के अरबपतियों की दुनिया में इस बार बड़ा उलटफेर हुआ है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के 14वें एडिशन में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने एक बार फिर सबसे अमीर भारतीय का ताज अपने नाम कर लिया है। अंबानी की कुल संपत्ति अब 9.55 लाख करोड़ रुपये हो गई है। इस तरह उन्होंने गौतम अडानी एंड फैमिली (8.15 लाख करोड़ रुपये) को पछाड़ते हुए फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस सूची में सबसे बड़ा सरप्राइज एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा रहीं, जिन्होंने पहली बार टॉप-3 में जगह बनाई है। उनकी संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। इसी के साथ वे न केवल टॉप-3 में पहुंचीं, बल्कि भारत की सबसे अमीर महिला भी बन गईं।
टॉप-10 अरबपति (2025)
1 मुकेश अंबानी एंड फैमिली 9,55,410
2 गौतम अडानी एंड फैमिली 8,14,720
3 रोशनी नाडर मल्होत्रा एंड फैमिली 2,84,120
4 साइरस पूनावाला एंड फैमिली 2,46,460
5 कुमार मंगलम बिड़ला एंड फैमिली 2,32,850
6 नीरज बजाज एंड फैमिली 2,32,680
7 दिलीप सांघवी 2,30,560
8 अजीम प्रेमजी एंड फैमिली 2,21,250
9 गोपीचंद हिंदुजा एंड फैमिली 1,85,310
10 राधाकिशन दमानी एंड फैमिली 1,82,980
अरबपतियों की फौज में इजाफा
रिपोर्ट बताती है कि भारत में अरबपतियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस साल देश में 350 से अधिक अरबपति हैं, जो 13 साल पहले की तुलना में करीब छह गुना ज्यादा है। इनकी संयुक्त संपत्ति लगभग 167 लाख करोड़ रुपये है, जो भारत की जीडीपी का करीब आधा हिस्सा है।
युवा अरबपतियों की एंट्री
लिस्ट में इस बार युवा उद्यमियों ने भी खास जगह बनाई है।अरविंद श्रीनिवास (31), Perplexity के को-फाउंडर, भारत के सबसे युवा डॉलर अरबपति बने, जिनकी नेटवर्थ 21,190 करोड़ रुपये है। कैवल्य वोहरा (22), Zepto के फाउंडर, सबसे युवा एंट्रेंट रहे।उनके साथी आदित पालीचा (23) दूसरे सबसे युवा अरबपति बने।बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान ने भी पहली बार हुरुन रिच लिस्ट में जगह बनाई है। उनकी नेटवर्थ अब 12,490 करोड़ रुपये हो गई है, जिससे वे अब आधिकारिक तौर पर अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए हैं। शहरवार आंकड़ों के मुताबिक, भारत के सबसे ज्यादा अरबपति मुंबई (451) से हैं। इसके बाद नई दिल्ली (223) और बेंगलुरु (116) का स्थान है।