बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में इस बार दुर्गा पूजा के अवसर पर एक अनूठा और चर्चित थीम सामने आया है। विष्णुपुर चांदनी चौक स्थित पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा को परंपरागत रूप से महिषासुर का वध करते हुए नहीं, बल्किअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वध करते हुए दिखाया गया है।
अमेरिकी नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध
पूजा समिति का कहना है कि यह थीम अमेरिका की उन नीतियों के खिलाफ संदेश है, जिनसे भारत के व्यापार और आम जनता प्रभावित हो रही है। समिति के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया”पृथ्वी पर जब-जब अत्याचार बढ़ा है, तब-तब मां दुर्गा का अवतार हुआ है। इस बार महिषासुर की जगह ट्रंप की प्रतिमा इसलिए बनाई गई है क्योंकि अमेरिका ने भारतीय सामानों पर भारी टैक्स लगा दिया है, जिससे लोग परेशान हैं।
श्रद्धालुओं का समर्थन
पूजा पंडाल में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी इस थीम को सही ठहराया। उनका कहना है कि दवाइयों और जरूरी सामानों पर अमेरिकी सरकार द्वारा लगाए गए टैरिफ ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक श्रद्धालु ने कहा “हिंदुस्तान में जब-जब अत्याचार बढ़ा है, मां भगवती सामने आई हैं। ट्रंप ने दवाइयों और वीजा शुल्क पर भारी टैक्स लगाकर आम जनता पर बोझ डाला है। इसलिए यहां उन्हें महिषासुर के स्थान पर दिखाया गया है।”
चर्चा का विषय बना पंडाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे पहले ट्रंप की नीतियों के समर्थक थे, लेकिन अब बढ़े हुए शुल्क और टैरिफ से नाराज़ हैं। यह अनोखी प्रतिमा बेगूसराय में राजनीतिक और आर्थिक नीतियों के विरोध का एक अनूठा तरीका बन गई है।फिलहाल, यह थीम पूरे क्षेत्र में आकर्षण और चर्चा का केंद्र बनी हुई है, जहां लोग देवी प्रतिमा के साथ-साथ इस संदेश को भी बारीकी से देख रहे हैं।