रिपोर्ट – हरमिंदर सिंह अविनाश, बठिंडा
बठिंडा के जीदा गांव में हुए केमिकल ब्लास्ट मामले में जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के हवाले कर दी गई है। बुधवार को एनआईए की टीम गांव जीदा पहुंची और घटनास्थल का विस्तृत मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए।
यह वही मामला है जिसमें गुरप्रीत सिंह अपने घर के अंदर कथित तौर पर बम तैयार करते समय हुए विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रारंभिक जांच के बाद घटना को गंभीर मानते हुए केंद्र सरकार ने इसे एनआईए को ट्रांसफर कर दिया है।
जांच के दौरान एनआईए टीम ने स्थानीय पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी ली और पूरे स्थान की तकनीकी जांच भी की। जांच पूरी करने के बाद टीम वापस दिल्ली रवाना हो गई। हालांकि, बठिंडा पुलिस ने एनआईए टीम के लौटने या जांच से जुड़े किसी भी विवरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसएसपी ने भी फोन पर जानकारी देने से इंकार कर दिया। घटना के बाद से जीदा गांव में तनाव और आशंका का माहौल बना हुआ है, वहीं स्थानीय लोग मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।