ढाका। बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) 2025-26 के तीसरे मुकाबले से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ढाका कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच महबूब अली जकी की सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्री-मैच तैयारी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान पर गिर पड़े।
यह घटना राजशाही रॉयल्स के खिलाफ टीम के पहले मैच से कुछ देर पहले हुई। मैदान पर मौजूद मेडिकल स्टाफ ने तुरंत उन्हें सीपीआर दिया और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फ्रेंचाइजी की ओर से पहले जानकारी दी गई थी कि जकी को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, लेकिन कुछ ही समय बाद ढाका कैपिटल्स ने उनके निधन की पुष्टि कर दी।
ढाका कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में लिखा,“बड़े दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि ढाका कैपिटल्स परिवार के प्रिय असिस्टेंट कोच महबूब अली जकी का हृदयाघात के कारण निधन हो गया है। यह हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करे।”
महबूब अली जकी लंबे समय से बांग्लादेश क्रिकेट से जुड़े हुए थे और कई खिलाड़ियों के मेंटर रहे। वह उस बांग्लादेश अंडर-19 टीम के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा थे, जिसने साल 2020 में आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था। यह बांग्लादेश की अब तक की पहली और एकमात्र आईसीसी ट्रॉफी है। उनके अचानक निधन से पूरी टीम और क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।