रिपोर्ट – प्रमोद झा – मैनपुरी
मैनपुरी में शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर की गई बड़ी ठगी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने मिलकर करीब 83 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को निवेश सलाहकार बताकर लोगों को शेयर मार्केट में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करते थे। शुरुआत में थोड़ा-बहुत मुनाफा दिखाकर पीड़ितों का विश्वास जीतते और बाद में बड़ी रकम निवेश करा कर फरार हो जाते थे।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं।
इसके साथ ही अपराधियों के बैंक खातों की जांच कर 15 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के झांसे में आकर निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस की इस कार्रवाई से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर चल रहे ठगी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।