रिपोर्ट – उदय प्रकाश
कानपुर देहात पुलिस ने नव वर्ष के अवसर पर आमजन को बड़ी सौगात दी है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के नेतृत्व में जिले की पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से खोए हुए 261 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे हैं। इन मोबाइल फोनों की कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई जा रही है। जिसे पुलिस अधीक्षक ने नव वर्ष का तोहफा बताया। यह संयुक्त कार्रवाई जनपद के संबंधित थाना पुलिस, सर्विलांस टीम, साइबर थाना पुलिस और स्पेशल टीम द्वारा की गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के चलते यह सफलता मिली है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए पूरी पुलिस टीम की प्रशंसा की।
मोबाइल पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई मोबाइल स्वामियों ने बताया कि उनके फोन करीब दो वर्ष पहले खो गए थे और उन्हें वापस मिलने की कोई उम्मीद नहीं थी। अचानक थाना पुलिस से फोन आया कि उनका मोबाइल मिल गया है, यह सुनकर उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। मोबाइल पाकर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस पहल को बेहद सराहनीय बताया।हमें उम्मीद ही नहीं थी कि मोबाइल वापस मिलेगा, पुलिस ने कमाल कर दिया।जनसेवा हमारी प्राथमिकता है, आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करती नजर आ रही है।