रिपोर्ट दीपक चौबे वाराणसी
उत्तर प्रदेश में वन्यजीव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अमेठी से वाराणसी जंक्शन तक चल रही ट्रेन संख्या 13006 पंजाब मेल में GRP और RPF की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को करीब 350 तोतों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी के पास से आठ छोटे बैग बरामद किए गए, जिनमें तोतों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर भरा गया था। कई तोतों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह कार्रवाई वन्यजीव विभाग से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई थी।
सूचना के अनुसार आरोपी इन तोतों को अमेठी से वाराणसी जंक्शन होते हुए पश्चिम बंगाल के वर्धमान ले जा रहा था, जहां इन्हें अवैध रूप से बेचने की योजना थी। ट्रेन के वाराणसी जंक्शन पहुंचते ही GRP और RPF की संयुक्त टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें बड़ी संख्या में तोते बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और सभी तोतों को वन्यजीव विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
केंट GRP प्रभारी के अनुसार, बरामद सभी तोतों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। जल्द ही उन्हें उनके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। रेलवे, GRP और वन्यजीव विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत संबंधित एजेंसियों को इसकी जानकारी दें।