लखनऊ: उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन इस बार नए प्रारूप के साथ आयोजित किया जाएगा। पहली बार टूर्नामेंट के मुकाबले दो शहरों—लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे। लीग का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर तक होगा।
’60-40′ फॉर्मूले पर होगा आयोजन
यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने इस बार टूर्नामेंट को ’60-40′ फॉर्मूले के तहत दो हिस्सों में बांटा है। शुरुआती मुकाबले और उद्घाटन समारोह लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होंगे, जबकि नॉकआउट मुकाबले और ग्रैंड फिनाले की मेजबानी कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम को सौंपी गई है।
अंतिम तैयारियों में जुटा UPCA
यूपीसीए और लीग की गवर्निंग काउंसिल आयोजन की अंतिम तैयारियों में जुटी हुई है। लखनऊ से कानपुर तक ब्रॉडकास्टिंग सेटअप शिफ्ट करने के लिए भी अलग से समय निर्धारित किया गया है, ताकि टूर्नामेंट का संचालन बिना किसी बाधा के हो सके।
तीन साल बाद ग्रीन पार्क में होगी वापसी
गौरतलब है कि 2023 में यूपी टी-20 लीग का पहला सीजन कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला गया था। इसके बाद आयोजन शुल्क बढ़ने के कारण दूसरा और तीसरा सीजन पूरी तरह लखनऊ में आयोजित किया गया। अब तीन साल बाद ग्रीन पार्क स्टेडियम में एक बार फिर टी-20 क्रिकेट की रौनक लौटेगी। दो शहरों में आयोजित होने वाले इस नए फॉर्मेट से टूर्नामेंट का रोमांच और दर्शकों का उत्साह पहले से कहीं अधिक बढ़ने की उम्मीद है।


