रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव, कानपुर
कानपुर शहर में मंगलवार की आधी रात के बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार में चल रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और हादसे में दो युवा बी.फार्मा छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पनकी रोड पर आवास विकास-3 के पास हुआ, जहां CCTV फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में चार दोस्त सवार थे, जो पनकी से कल्याणपुर की ओर जा रहे थे। सभी चारों कन्नौज जिले के निवासी थे। इनमें इंदरगढ़ के आर्यन यादव, पनियारी पुरवा के सत्यम पाल, सौरिक के आकाश यादव (25) और प्रथम पांडेय (24) शामिल थे। पार्टी करने के बाद ये नारायणा में एक दोस्त से मिलकर लौट रहे थे। होटल में खाना खाने के बाद एक ही कार से वापस आ रहे थे। पनकी नहर पार करने के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और अचानक बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसे में कार चला रहे प्रथम पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल आकाश यादव को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर रीजेंसी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बचे हुए दो घायल सत्यम पाल और आर्यन यादव का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार कानपुर के पनकी महावीर पुरम निवासी कृष्ण मोहन के नाम रजिस्टर्ड थी। ड्राइवर की साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार पर ‘भाजपा नगर अध्यक्ष’ लिखा हुआ था, जो हादसे के बाद चर्चा का विषय बन गया। पुलिस पूछताछ में आर्यन ने बताया कि वे दोस्त से मिलने गए थे और वापसी में तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। कल्याणपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण अत्यधिक तेज रफ्तार (करीब 100 किमी/घंटा) सामने आ रही है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी है। आसपास के लोगों ने हादसे के बाद तुरंत मदद के लिए दौड़कर घायलों को बचाने की कोशिश की।