बॉलीवुड के मशहूर राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान की 17 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले चार दिनों से सलीम खान वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। शनिवार शाम शाहरुख खान अस्पताल पहुंचे और सलीम खान का हालचाल जाना। इस दौरान उनके अस्पताल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
डॉ. जलील पारकर ने पुष्टि की कि सलीम खान को मस्तिष्क में मामूली रक्तस्राव हुआ था और उम्र के कारण उन्हें ठीक होने में समय लग रहा है। उन्होंने बताया कि दौरे और बढ़े हुए रक्तचाप के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन यह गंभीर स्थिति का संकेत नहीं था। डॉक्टर ने कहा कि उनकी स्थिति अब स्थिर है और सुधार हो रहा है। सलीम खान को आईसीयू में भर्ती रखा गया है और उन्हें ठीक होने में समय लगेगा।
सलीम खान ने अपने समय में बॉलीवुड में सुपरहिट फिल्मों की पटकथा लिखी है। उनकी जोड़ी जावेद अख्तर के साथ बेहद फेमस रही और दोनों ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं, जिनमें “शोले” भी शामिल है। उनके योगदान को आज भी बॉलीवुड के ऐतिहासिक दौर में याद किया जाता है।सलमान खान समेत परिवार के लोग अस्पताल के बाहर नजर आए और फैन्स भी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।