मुंबई। महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। लातूर-तुलजापुर हाईवे पर औसा के पास देर रात तेज रफ्तार BMW कार ने ट्रक और कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक सांगली जिले की BMW कार किसी काम से लातूर आई थी। काम खत्म करने के बाद कार में सवार लोग शिवली में खाना खाकर औसा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कार ने आगे चल रहे लकड़ी से भरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक करीब 100 फीट दूर जाकर पलट गया। वहीं BMW कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर खून बिखर गया और कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल दो लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पिछले कुछ समय से लग्जरी कारों से जुड़े सड़क हादसों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मई 2024 में पुणे में पोर्शे कार से जुड़ा चर्चित हादसा हुआ था, जबकि सितंबर 2025 में मुंबई कोस्टल रोड पर लैंबॉर्गिनी दुर्घटना भी काफी सुर्खियों में रही थी।