हिमाचल प्रदेश के मंडी में पैराग्लाइडिंग के दौरान एक विदेशी पायलट की जान खतरे में पड़ गई. बीड़ बिलिंग से उड़ान भरने वाला रूसी पैराग्लाइडर अपना संतुलन खो बैठा और मंडी-पधर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास करीब 150 मीटर की ऊंचाई पर हाईटेंशन बिजली की तारों में उलझ गया. वह लगभग तीन घंटे तक हवा में फंसा रहा. सूचना मिलने के बाद प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे. SDRF की 16 सदस्यीय टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.
उड़ान भरते ही बिगड़ा संतुलन
जानकारी के मुताबिक, रूसी पैराग्लाइडर ने बीड़ बिलिंग से उड़ान शुरू की थी. इसी दौरान वह नियंत्रण खो बैठा और हाईटेंशन बिजली लाइनों में फंस गया. काफी ऊंचाई पर लटके पैराग्लाइडर को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा.
56 मीटर की क्रेन से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद कराई गई. इसके बाद SDRF, स्थानीय प्रशासन और अन्य लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया. करीब 56 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने वाली हाइड्रोलिक क्रेन और विशेष सुरक्षा उपकरणों की सहायता से पैराग्लाइडर तक पहुंच बनाई गई.
लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद विदेशी नागरिक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इसके बाद उसे मेडिकल जांच और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया.
होश में था रूसी पैराग्लाइडर
मंडी में SDRF यूनिट के प्रभारी विनोद ठाकुर के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान पैराग्लाइडर की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया. उसे बिजली की तारों से निकालने के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया.
अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू के समय विदेशी नागरिक होश में था और बातचीत भी कर पा रहा था. शुरुआती तौर पर उसकी हालत ठीक दिखाई दे रही थी. हालांकि, उसकी वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति का पता डॉक्टरों की जांच के बाद ही चल सकेगा.