असम के गुवाहाटी के पास बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया. कामरूप मेट्रो जिले में दिगारू रेलवे स्टेशन के नजदीक कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत कई डिब्बे पटरी से उतर गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के छह से सात कोच बेपटरी हुए हैं. हादसे में कुछ यात्रियों के घायल होने की खबर है. घटना के बाद रेलवे की टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है.
सुबह करीब 6:54 बजे हुआ हादसा
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है. उनके मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर दिगारू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए. सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए.
शुरुआती जानकारी में छह डिब्बों के बेपटरी होने की बात कही गई थी. बाद में यह संख्या सात बताई गई. रेलवे की टीमें मौके पर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और राहत कार्य में जुटी हैं.
यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम जारी
हादसे में कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना है. हालांकि, अब तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. रेलवे अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और घायलों को जरूरी मदद पहुंचाई जा रही है.
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हुआ हादसा
रेलवे के शुरुआती बयान के मुताबिक, ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को 11 नवंबर की सुबह दिगारू स्टेशन के पास दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार को नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई.
हादसे के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. रेलवे की टीमें दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य के साथ ही रेल यातायात बहाल करने की कोशिश में जुटी हैं. हादसे के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है.